ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रवक्ता ने कहा है कि शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा की प्राप्ति, ईरानी राष्ट्र का अधिकार है।
बेहरूज़ कमालवंदी ने कहा कि इसे सिद्ध करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने मंगलवार को एक सम्मेलन में कहा कि वर्चस्ववादी देशों के विपरीत ईरान, न्याय की स्थापना और अत्याचारग्रस्तों के अधिकारों की रक्षा का समर्थक रहा है। उन्होंने कहा कि तेहरान ने कभी भी दुष्ट लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विज्ञान का प्रयोग नहीं किया।
कमालवंदी ने कहा कि अब ईरान इस स्थिति में पहुंच चुका है कि वह संसार की 80 प्रतिशत राजनैतिक शक्तियों के मुक़ाबले में प्रतिरोध करे और वार्ता की मेज़ पर बैठ कर अपने अधिकारों की मांग करे। परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रवक्ता ने कहा कि परमाणु क्षेत्र में ईरान के क्रियाकलापों ने परमाणु तकनीक को सत्ता के लोभी कुछ देशों के वर्चस्व से निकाल दिया है। बेहरूज़ कमालवंदी ने कहा कि ईरान ने यह सिद्ध कर दिया है कि इस ईश्वरीय अनुकंपा से पूरे विश्व की जनता को लाभ उठाने का अधिकार है।